भारतीय मूल के अक्षय देसाई रिपब्लिकन पार्टी के पद पर नियुक्त
फ्लोरिडा में रिपब्लिकन पार्टी के एक महत्वपूर्ण पद पर भारतीय मूल के अमेरिकी अक्षय देसाई की नियुक्ति की गई है। उन्हें इस साल राष्ट्रपति पद के लिए होने जा रहे चुनावों में पार्टी के वित्तीय प्रबंधन की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
रिपब्लिकन पार्टी ऑफ फ्लोरिडा (आरपीओएफ) के अध्यक्ष लेनी क्यूरी ने एक बयान में कहा है ‘इस चुनावी वर्ष में हमें जीत के लिए संसाधनों की जरूरत है और डॉ. देसाई राज्य में और पार्टी के लिए लंबे समय से काम करते रहे हैं जिसकी वजह से हमने उन्हें अहम जिम्मेदारी सौंपी है।’ देसाई को आरपीओएफ की वित्त समिति का अध्यक्ष बनाया गया है। वर्तमान में वह ‘यूनिवर्सल हेल्थ ग्रुप, इंक’ के मुख्य कार्याधिकारी, अध्यक्ष और बोर्ड के अध्यक्ष हैं।
फ्लोरिडा के गवर्नर रिक स्कॉट ने कहा ‘एके देसाई ने फ्लोरिडा और हमारी रिपब्लिकन पार्टी के लिए अथक परिश्रम किया है। निश्चित रूप से उनके समर्पण और अनुभव का लाभी आरपीओएफ को मिलेगा।’



















