कांग्रेस देश की सबसे भ्रष्ट पार्टी : बाबा रामदेव
नोएडा। योग गुरु बाबा रामदेव ने मंगलवार को कांग्रेस पर निशाना साधते हुए उसे देश की सबसे भ्रष्ट पार्टी बताया। अपने योग अनुयायियों की एक सभा को सम्बोधित करते हुए रामदेव ने उनसे कहा कि वे उत्तर प्रदेश के विधानसभा चुनावों में कांग्रेस को सबक सिखाने के लिए मतदाताओं से कहें।
योग गुरु ने कहा कि बहुजन समाज पार्टी (बसपा), समाजवादी पार्टी (सपा) और भारतीय जनता पार्टी सहित अन्य पार्टियों में कांग्रेस के मुकाबले भ्रष्टाचार कम है।
रामदेव ने कहा, “सपा, बसपा और भाजपा पूरी तरह पवित्र नहीं हो सकती हैं लेकिन यह जरूरी है कि सबसे पहले सर्वाधिक भ्रष्ट पार्टी को जड़ से उखाड़ा जाए ताकि अन्य पार्टियां भ्रष्टाचार करने से डरें।”
योग गुरु ने कांग्रेस महासचिव राहुल गांधी पर नौटंकी करने का आरोप लगाया लेकिन राज्य में कड़ी मेहनत करने के लिए उन्होंने राहुल और उनकी बहन प्रियंका गांधी की प्रशंसा की।
उन्होंने कहा, “राहुल-प्रियंका कड़ी मेहनत कर रहे हैं जो प्रशंसनीय है, लेकिन ये सभी प्रयास उनके कुछ सलाहकारों की वजह से व्यर्थ साबित हो रहे हैं। सलाहकार विवादास्पद बयान देने के लिए उन्हें उकसा रहे हैं।”



















