कोलकाता बलात्कार कांडः आरोपी पुलिसकर्मी हटाए गए
कोलकाता। कथित बलात्कार की शिकायत दर्ज कराने पुलिस थाना गई एक ब्रिटिश-भारतीय मूल की महिला के साथ दुर्व्यव्हार करने के आरोपी कोलकाता पुलिस के दो अधिकारियों को मंगलवार को ड्यूटी से हटा दिया गया। मामले की जांच की जा रही है।
संयुक्त आयुक्त (मुख्यालय) जावेद शमीम ने कहा, “उप निरीक्षक मनीष सिंह और सैकत नियोगी को सक्रिय ड्यूटी से हटा दिया गया है।”
ज्ञात हो कि दो बच्चों की मां ब्रिटिश-भारतीय मूल की महिला ने शिकायत की थी कि छह फरवरी को पार्क स्ट्रीट इलाके में एक नाइट क्लब से लौटते समय चलती कार में बंदूक के दम पर उसके साथ बालात्कार किया गया।
महिला और उसके परिजनों ने बाद में आरोप लगाया कि जब वे पार्क स्ट्रीट थाने में शिकायत दर्ज कराने गए तो दो अधिकारियों ने अभद्र टिप्पणियां कीं और उनके साथ दुर्व्यवहार किया।
बाद में इस मामले की जांच संयुक्त आयुक्त सुप्रतिम सरकार को सौंपी गई। सरकार ने मंगलवार को अपनी रिपोर्ट पेश की, जिसके आधार पर दोनों अधिकारियों को सक्रिय ड्यूटी से हटा दिया गया।
बलात्कार के आरोपी तीन लोगों को गिरफ्तार कर पुलिस हिरासत में भेज दिया गया है, जबकि मुख्य आरोपी सहित अन्य दो अभी भी फरार हैं।



















