एराम करेगी मिस इंडिया वर्ल्डवाइड में भारत का प्रतिनिधित्व
नई दिल्ली । कोलकाता की एराम करीम सूरीनाम में 19 से 26 फरवरी के बीच होने वाली 21वीं मिस इंडिया वर्ल्डवाइड प्रतियोगिता में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगी। एराम करीम सानंदा तिलोत्मा सौंदर्य प्रतियोगिता की विजेता होने के साथ 2010 में पेंटालून फेमिना मिस इंडिया ईस्ट में तीसरे स्थान पर रही थीं।
मिस इंडिया वर्ल्डवाइड के नेशनल डायरेक्टर और मेवरिक प्रोडक्शंस के सीईओ डॉ. अनुज सक्सेना ने कहा कि विभिन्न देशों की 17 से 27 साल की अविवाहित भारतीय मूल की 40 से ज्यादा प्रतियोगी मिस इंडिया वल्र्डवाइड सौंदर्य प्रतियोगिता में हिस्सा लेंगी। मिस इंडिया वल्र्डवाइड को दुनिया का सबसे अधिक ग्लैमरस भारतीय कार्यक्रम माना जाता है।
डॉ. सक्सेना ने कहा कि 2011 में मिस इंडिया ऑस्ट्रेलिया चुनी गईं सिडनी की सुश्री अंकिता गजान पिछले साल दक्षिण अफ्रीका में हुई 20वीं मिस इंडिया वल्र्डवाइड प्रतियोगिता की विजेता रही थीं। सूरीनाम गणतंत्र के सम्माननीय राष्ट्रपति डिजायर डेलानो बोउटर्से ने 25 फरवरी को सूरीनाम में राष्ट्रीय छुट्टी का ऐलान किया है।
यह प्रतियोगिता 4 हिस्सों, इवनिंग गाउन, इंडियन ड्रेस, टैलेंट और क्वेश्न-आवर, में होगी। इस प्रतियोगिता के साथ बॉलीवुड फिल्म समारोह और भारतीय खान-पान समारोह भी आयोजित होगा, जो इसका एक और आकर्षण है।



















