उत्तर प्रदेश में टीम अन्ना का जागरूकता अभियान शुरू
नई दिल्ली। उत्तराखण्ड और पंजाब के बाद टीम अन्ना ने विधानसभा चुनावों के दौर से गुजर रहे उत्तर प्रदेश में जन लोकपाल विधेयक के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए अपना अभियान शुरू किया है। एक बयान में मंगलवार को यह जानकारी दी गई।
टीम अन्ना ने गाजीपुर और बलिया जिलों में पांच फरवरी को अपना अभियान शुरू किया। बयान के मुताबिक, “”टीम अन्ना के सदस्य लोगों से यह संकल्प लेने के लिए कह रहे हैं कि वे झूठे वादे करने वाले उम्मीदवारों का समर्थन नहीं करेंगे बल्कि भविष्य में उनके प्रति जवाबदेह प्रत्याशियों का समर्थन करेंगे।”"
टीम अन्ना के अभियान कार्यक्रम के मुताबिक इंडिया अगेंस्ट करप्शन के स्वयंसेवकों ने पूर्व प्रधानमंत्री चंद्रशेखर के बलिया निर्वाचन क्षेत्र सहित इलाके में पांच ब़डी सभाएं की हैं। टीम अन्ना ने अपने पहले चरण में बस्ती, गोंडा, फैजाबाद और बाराबंकी के निर्वाचन क्षेत्रों में भी जन सभाओं को सम्बोधित किया है।
टीम अन्ना आठ फरवरी को आजमगढ़ और नौ फरवरी को चंदौली एवं वाराणसी में अभियान चलाएगी। अभियान में टीम अन्ना के सदस्य मनीष सिसौदिया, किरण बेदी, कुमार विस्वास के अलावा इंडिया अगेंस्ट करप्शन के अन्य सदस्य हिस्सा लेंगे।



















